सरायतरीन। गांव आढौल में बिना विकास कार्य कराए धनराशि के दुरुपयोग के मामले की जांच के लिए बुधवार को पहुंची टीम सचिव द्वारा अभिलेख न देने पर वापस लौट गई। ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन कर जल्द ही कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी ने बीडीओ व एडीओ और ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर एक हफ्ते में अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा है।
गांव आढ़ोल निवासी योगेंद्र सिंह बताया कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव द्वारा गांव में कराए गए विकास कार्यों में धांधली की गई है। बिना कार्य कराए ग्राम प्रधान की मिलीभगत से धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। फरवरी में गांव के विकास कार्य की जांच के लिए डीएम को शिकायती पत्र दिया गया था, जिसमें जांच टीम गठित कर कार्रवाई की मांग की गई थी। चार महीने बीतने के बाद भी मामले में अभी तक जांच नहीं हो सकी है।
बुधवार को पहली बार टीम जांच के लिए गांव पहुंची और जांच अधिकारी ने पंचायत सचिवालय निर्माण की गुणवत्ता की जांच की। ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा गांव में कराए गए विकास कार्यों के अभिलेख उनसे मांगे तो सचिव ने अभिलेख नहीं होने की बात की।
ग्रामीणों का कहना था कि लगातार जांच में देरी होने से ग्राम प्रधान और सचिव गांव में अधूरे पड़े कार्यों को पूरा करने में लगे हैं, जबकि तमाम कार्य कागजों में दर्शाकर धनराशि पहले ही निकाल ली गई है। अगर मामले में जल्दी ही जांच नहीं की गई तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान वीरभान, प्रेमपाल सिंह, हुकम सिंह, थान सिंह, जयचंद, उमेश कुमार, विजय सिंह, अरविंद कुमार, नरेश पाल, राधेश्याम, पुष्पेंद्र कुमार, गजेन्द्र सिंह, वीरेश, नेत्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।