मालगोदाम रोड पर नगर पालिका की आवंटित जमीन में बिना अनुमति निर्माण करने की सूचना पर तहसील की टीम पहुंची और जांच की। इस मामले में नगर पालिका की ओर से पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था।
चंदौसी में मालगोदाम रोड पर चंद्रसेन उर्फ गब्बर निवासी गणेश कालोनी के नाम पर नगर पालिका की ओर से किराए पर करीब दो दशक पहले जमीन आवंटित की गई। इस जमीन पर अब निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। आवंटित जमीन पर निर्माण कराने के लिए विनियमित क्षेत्र प्राधिकारी एसडीएम से अनुमति लेनी जरूरी होती है। इस मामले में दिवाली से पहले नगर पालिका की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है तथा नोटिस में अवैध रूप से निर्माण न करने की हिदायत भी दी गई। त्योहार के समय आवंटित जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। सूचना पर बृहस्पतिवार एसडीएम के निर्देश पर शहर लेखपाल व विनियमित क्षेत्र के कर्मचारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे। वहां उस समय टीम को निर्माण कार्य चलता नहीं मिला। मौके पर दीवार बनी थी तथा ईंटे भी रखी हुई थी। टीम ने बताया कि उसके अंदर दो पेड़ खड़े थे, वह भी बिना अनुमति के काट दिए गए हैं। टीम ने एसडीएम को रिपोर्ट देने की बात कही है। साथ ही टीम ने बिना अनुमति निर्माण कार्य न होने देने की बात कही है।