संभल में शंकर चौराहा पर लखनऊ पुलिस का पुतला दहन के दौरान पीटते एबीवीपी के कार्यकर्ता। संवाद
संभल। रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में बिना मान्यता पढ़ाई कराने का विरोध करने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर पुलिस के लाठीचार्ज से कार्यकर्ता भड़क गए। पुलिस की बर्बरता के विरोध में मंगलवार को संभल के शंकर चौराहे आकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, संभल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। लखनऊ पुलिस का पुतला फूंका। पुलिस प्रशासन होश में आदि नारे लगाकर कड़ा एतराज जताया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रांत संगठन मंत्री लक्षित सिंघल ने बताया कि लखनऊ में रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में बार काउंसिल ऑफ इंडिया की मान्यता के बिना लॉ डिपार्टमेंट संचालित किया जा रहा है। ऐसे में फीस वापसी या मान्यता को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दो छात्रों को निलंबित कर दिया। निलंबन से आक्रोशित छात्र और विद्यार्थी परिषद के प्रांत संगठन मंत्री पुष्पेंद्र सहित कई पदाधिकारी यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। इसके बाद मामला बढ़ गया। पुलिस ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लाठीचार्ज किया। इसमें प्रांत संगठन मंत्री पुष्पेंद्र समेत 20 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए।
इसी के विरोध में लखनऊ पुलिस का पुतला फूंककर एतराज जताया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आंदोलन करने का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान दिवाकर बावरा, पीयूष विडोलिया, हितेश प्रजापति, हरनाम ठाकुर, मनसाफ प्रजापति, शेखर प्रजापति, प्रिंस आर्य, अक्षय, अरविंद सैनी, लक्षित सिंघल आदि रहे।