बबराला। समाधान दिवस में लोगों की शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा। कोई चकरोड पर कब्जे की शिकायत को लेकर तो कोई राशन कार्ड बनवाने के लिए समाधान दिवस के चक्कर पर चक्कर लगा रहा है लेकिन हर बार उनकी आस अधूरी ही रह जाती है।
गुन्नौर तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में डीएम व एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट के नेतृत्व में आमजन की शिकायतें सुनी गईं। समाधान दिवस में कुल 65 शिकायतें आईं। इसमें सिर्फ राजस्व विभाग की पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण हो सका। शेष 60 शिकायतों को लेकर संबंधित को समय अनुसार निपटाने के निर्देश दिए।
हालांकि जिलाधिकारी शिकायती पत्रों को लेकर चकबंदी अधिकारी समेत समस्त जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता व काश्तकारों को परेशानी ना हो। लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।। कहा कि ठियाबंदी उखाड़ने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं। जिस ग्राम पंचायत में अवैध रूप से कब्जा है उसकी लेखपाल सूची बार तैयार करें। विरासत प्रक्रिया, फार्मा रजिस्ट्री समेत सभी कार्यों में देरी न करके शत प्रतिशत कार्य पूरा करें। इस मौके पर प्रभागीय वन अधिकारी प्रीति यादव, सीएमओ तरुण पाठक, गुन्नौर एसडीएम विकास चन्द, सीओ आलोक कुमार सिद्धू, ईओ अमरेश तिवारी समेत आदि मौजूद रहे।
संभल में आई 44 शिकायतें
संभल। नई तहसील सभागार में एसडीएम निधि पटेल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न विभागों की 44 शिकायतें दर्ज हुईं। सबसे ज्यादा राजस्व विभाग की 25 शिकायतें आईं। पुलिस विभाग की आठ, विकास विभाग की आठ, अन्य विभाग की नौ शिकायतें आईं। मौके पर राजस्व विभाग की चार समस्याओं का ही समाधान हो सका। इस बीच कुछ लोग समाधान दिवस में बार-बार चक्कर लगाकर परेशान नजर आए क्योंकि समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। कोई चकरोड को जोतकर कब्जा करने तो कोई राशन कार्ड नहीं बनने को लेकर परेशान रहा।
-
चंदौसी में 58 में से छह शिकायतें ही निपटीं
चंदौसी। तहसील सभागार में एडीएम प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल आईं 58 शिकायतों में 6 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जानकारी के अनुसार राजस्व विभाग की 16 शिकायतों में तीन का निस्तारण मौके पर कर दिया गया। जबकि पुलिस विभाग की 11 शिकायतों में एक का मौके पर समाधान कर दिया गया। इसके अलावा चकबंदी की चार, विकास की छह, खाद एवं रसद विभाग की तीन, समाज कल्याण की 1 शिकायत आई। जबकि 17 शिकायतें अन्य आईं। जिसमें दो शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। एसडीएम नीतू रानी, सीओ दीपक तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
-
बोले फरियादी-
राशन कार्ड बनवाने के लिए समाधान दिवस में चार-पांच बार आ चुका हूं। राशन कार्ड नहीं बन सका है। परिवार में पांच लोग हैं। राशन कार्ड नहीं बनने के कारण परेशान हूं, राशन भी नहीं मिल रहा है।
-फरमान, दिव्यांग सरायतरीन
-
गांव ढनसौली के रकबे में चकरोड को एक व्यक्ति ने जोतकर कब्जा कर रखा है। जिस कारण खेतों में होकर निकलना पड़ता है। समाधान दिवस में चार बार आ चुका हूं। अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। -मदन सिंह, किसान अख्तियारपुर
-
मेरी गांव में जमीन पर कब्जा कर लिया है। एक साल से तहसील के चक्कर काट रही हूं, डीएम ने आदेश भी कर दिए हैं। लेखपाल और कानूनगो आदेश को फेल कर देते हैं। कहते हैं फर्जी शिकायत कर रही हो। मेरी जमीन पर कब्जा कोई हटाना नहीं चाह रहा है। मेरे पति बीमार हैं और बच्चे छोटे हैं। - कमलेश, गांव अहरोला नवाजी, गुन्नौर।
-
मेरी गांव में स्थित जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। करीब 20 बार तहसील के चक्कर काट चुका हूं, संपूर्ण समाधान दिवस में भी कई बार शिकायत कर चुका हूं, लेकिन मेरी जमीन को कब्जा मुक्त नहीं कराया जा रहा। - मनोहर सिंह, गांव अजीजपुर थाना जुनावई
मैं पेशे से अधिवक्ता हूं, गांव राजपुर की एक खतौनी है, जिसमें निफाज होना है, चार माह से तहसीलदार ने परेशान किया, फिर कहा कि लेखपाल व कानूनगो की रिपोर्ट लगवाने को कहा, रिपोर्ट लगवा दी, तो फिर कहा कि मामला एनटीसी का है। रिपोर्ट लेकर एनटीसी के यहां पहुंचे तो उन्होंने कहा कि पार्टी को नोटिस भेज दो। नोटिस भी भेज दिया। अभी तक उसमें कार्रवाई नहीं हुई है। सिर्फ निफाज के लिए इतना परेशान होना पड़ रहा है।
पंकज कुमार, अधिवक्ता चंदौसी