सरायतरीन। पवांसा क्षेत्र में शनिवार की सुबह खेत पर गई महिला रीना कुमारी (41) पत्नी सोमपाल रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। महिला के बेटे और बेटी की सूचना पर परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। मौके पर महिला की जूते, कपड़े और कंगन पड़े होने पर करीब तीन घंटे तक परिजनों ने आसपास और जंगल में महिला को तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने महिला के बेटा-बेटी और पति से पूछताछ। इसके साथ ही मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम नमूने लिए और महिला के कपड़े, जूते और कंगन भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। पति ने इसकी तहरीर दे दी है।
गांव पवांसा निवासी सोमपाल ने बताया कि वह हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव धुरैटा में ईंट भट्टे पर शनिवार की सुबह चार बजे मजदूरी करने के लिए चला गया था पत्नी और बच्चे घर पर रह गए थे। सुबह पांच बजे पत्नी अकेली खेत पर भूसा एकत्रित करने के लिए चली गई थी। एक घंटे बाद उसकी 15 वर्षीय बेटी खुशी जब खेत पर गई तो उसकी मां नहीं थी। उसके कपड़े, जूते और कंगन अलग-अलग जगह पर पड़े हुए थे। क्राइम इंस्पेक्टर अजीत सिंह ने बताया कि गांव पवांसा के जंगल में भूसा एकत्रित करने गई महिला के लापता होने की पति के द्वारा सूचना मिली थी, मामले की मौके पर जाकर जांच पड़ताल की गई है। संवाद