संभल। जामा मस्जिद कमेटी ने उच्च न्यायालय के जामा मस्जिद की पुताई का आदेश देने पर खुशी जताई है। जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट ने कहा कि बृहस्पतिवार की सुबह से जामा मस्जिद की पुताई शुरू कराई जाएगी। पुताई पहले मुख्य गेट से शुरू होगी। पुताई के बाद सजावट का काम कराया जाएगा।
बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए जामा मस्जिद कमेटी सदर ने कहा कि हर वर्ष रमजान के माह में जामा मस्जिद की पुताई और सजावट होती रही है। इसको लेकर इस बार अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिली तो उच्च न्यायालय में याचिक दायर की थी। याचिका की पहली सुनवाई पर उच्च न्यायालय ने एएसआई को मस्जिद की स्थिति का आकलन करने के लिए भेजा था। जिसमें एएसआई की टीम द्वारा न्यायालय में दाखिल की गई रिपोर्ट में कहा था कि पुताई की जामा मस्जिद में जरूरत नहीं है। सफाई कराई जा सकती है। जामा मस्जिद कमेटी ने अपना पक्ष रखा था। जिसके बाद उच्च न्यायालय ने पुताई व सजावट का आदेश दिया है। आदेश पर जामा मस्जिद कमेटी के सदर ने उच्च न्यायालय का आभार जताया और पूरी कमेटी की ओर से खुशी जाहिर की है।