चंदौसी। शहर में पार्किंग की समस्या हर किसी की समस्या बनती जा रही है। जहां एक ओर आमजन के अलावा व्यापारियों की भी ये प्रमुख समस्या बन गई है। वहीं अमर उजाला के इस अभियान में नगर पालिका परिषद के सभासद भी शामिल हो गए हैं। कई बार नगर पालिका बोर्ड की बैठक में पार्किंग का मुद्दा उठाया गया था। पार्किंग स्थलों का चिह्नीकरण हुआ लेकिन हर बार की तरह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। सभासदों का कहना है कि पालिका को चाहिए कि वह शहर के प्रमुख बाजारों के इर्दगिर्द ही पार्किंग बनाए। भूमि चिह्नित कर पार्किंग प्वाइंट बना कर शहर वासियों को समस्या से निजात दिलाई जाए।
सभासदों का कहना है कि नगर पालिका को चाहिए कि बड़ी दुकानों के लिए तथा मार्केट बनने के लिए जो भी नक्शे विनियमित क्षेत्र से पास हो। वहां नक्शे में पार्किंग के लिए जगह छोड़ने की व्यवस्था होनी चाहिए। छोटे-छोटे दुकानदारों की तो मजबूरी है तथा कोई बीच मार्केट में सरकारी जगह खाली पड़ी है वहां भी पार्किंग बनाई जा सकती है। इससे नगर में लगने वाले जाम से आम नागरिक को राहत महसूस होगी। विशेष तौर से बच्चों की स्कूल की छुट्टी के समय ही जाम लग जाता है। जाम की वजह से कभी-कभी किसी व्यक्ति को इमरजेंसी काम से जाना या कोई बीमार व्यक्ति जाम में फंस जाए तो बड़ी परेशानी महसूस होती है। पालिका इस ओर प्रमुखता से ध्यान दे। जिससे शहरवासियों को जाम से राहत मिल सके और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर यातायात पुलिस की कार्रवाई से बच सकें।