बहजोई(संभल)। प्रयागराज जाने वाली लिंक एक्सप्रेस में सीट तो दूर चढ़ने तक का मौका नहीं मिला। मारामारी के चलते कई यात्रियों को अपने टिकट वापस करने पड़े। वहीं, भीड़ अधिक होने व ट्रेन के कई कोच के दरवाजे न खुलने के कारण भी प्रयागराज कुंभ में जाने के लिए आरक्षण वाले यात्रियों को भी बिना सफर किए बैरंग लौटना पड़ा।
सोमवार की रात करीब सवा नौ बजे जैसे ही देहरादून से चलकर चंदौसी व बहजोई होकर प्रयागराज के लिए जाने वाली लिंक एक्सप्रेस बहजोई रेलवे स्टेशन पर पहुंची। वैसे ही सैकड़ों यात्रियों की भीड़ ट्रेन की ओर दौड़ पड़ी। भीड़ इतनी थी कि ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्कामुक्की होने लगी। कोच के दरवाजे पर खड़े होने व ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों के बीच जमकर कहासुनी हुई।
वहीं, आरक्षित क्षेणी के कई कोच के दरवाजे अंदर से बंद होने के कारण बहुत से यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ सके। इसके बाद ट्रेन अलीगढ़ की ओर रवाना हो गई। यात्रियों में राजू वाष्र्णेय का कहना था कि करीब दो माह पहले प्रयागराज के कुंभ में जाने के लिए पूरे परिवार के लोगों का सीट आरक्षित करवाई थी। अंदर बैठे यात्रियों ने कोच का दरवाजा ही नहीं खोला और टिकट होने के बावजूद वह अपने परिवार के साथ प्रयागराज के कुंभ में जाने से वंचित रह गए।
वहीं, दूसरी ओर ट्रेन में सीट न मिलने के कारण बहजोई रेलवे स्टेशन पर 34 व चंदौसी में 13 यात्रियों को टिकट वापस करने पड़े। यात्रियों का कहना था कि इतने बड़े कुंभ के मेले के लिए चंदौसी व बहजाेई होकर स्पेशल ट्रेन चलाई जाए।