असमोली थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुरबंद में सोमवार रात बदमाशों ने तीन घरों में महिलाओं को निशाना बनाकर लूटपाट की। बदमाश दो महिलाओं के कानों से कुंडल खींच ले गए और महिला का कान भी काट दिया। जख्मी महिला का गांव में ही उपचार कराया गया है। मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुरबंद निवासी दिलशाद के घर सोमवार की रात बदमाश घुस गए। घर के आंगन में मुख्तरी सो रही थी और बाकी परिजन बरामदे में सो रहे थे। बदमाशों ने मुख्तरी के कानों से कुंडल खींच लिए। मुख्तरी ने विरोध करने का प्रयास किया जिस पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। इसके बाद मेहंदी हसन के घर घुसे। मेहंदी हसन की पत्नी अनीसा के कानों से कुंडल खींच लिए। विरोध किया तो उसे भी डरा धमकाकर चुप करा दिया। इसके बाद राहिल के घर में घुस गए। राहिल की पत्नी शबाना के कानों से भी कुंडल खींचे। एक कान का कुंडल नहीं खिंच पाया जिस पर बदमाशों से उसे काटकर ले भागे। घायल शबाना ने गांव में ही उपचार कराया है। पीड़ितों का कहना है कि क्षेत्र में चोरियां बढ़ रही हैं लेकिन पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है।