बनियाठेर। थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर तय शादी टूटने का मामला सामने आया है। लाखों रुपये खर्च कर मंगनी और शादी की तैयारियां पूरी कर चुके परिवार को उस समय बड़ा झटका लगा, जब तय तारीख पर लड़का पक्ष बरात लेकर नहीं पहुंचा। इस घटना से बेटी और उसका पिता सदमे में हैं।
पीड़ित पिता ने 22 अप्रैल को थाने में दी तहरीर में बताया था कि उसने अपनी पुत्री का रिश्ता कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर जमापुर निवासी मोहम्मद मुस्तफा के साथ तय किया था। मंगनी की रस्म में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसमें ढाई लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े दिए गए थे। दोनों पक्षों की सहमति से 26 अप्रैल को शादी की तारीख तय हुई थी।
आरोप है कि इसके बाद लड़का पक्ष के मोहम्मद मुस्तफा, मुदस्सिर, इस्तकार, मौज्जिम, सालिम, मुख्तयार की पत्नी अशरफी, पुत्री बब्बो, शबरीना और पुत्र रफेदीन ने दहेज में अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग रख दी। मांग पूरी न करने पर उन्होंने बरात लाने से साफ इन्कार कर दिया।
पीड़ित पक्ष ने पंचायत के माध्यम से समझौते की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने अभद्रता करते हुए बात मानने से इन्कार कर दिया और पहले दिए गए रुपये व सामान लौटाने से भी मना कर दिया।
पीड़ित पिता ने शादी से चार दिन पहले ही पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आशंका के अनुरूप रविवार को बरात नहीं आई, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।
थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। अब नई तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।