गुन्नौर(संभल)। गुन्नौर-बदायूं हाईवे पर गांव सैंजना मुस्लिम से गुन्नौर तक की चार किलोमीटर मुख्य सड़क की पीडब्ल्यूडी की ओर से आठ दिन पहले ही मरम्मत की गई थी। लेकिन खराब गुणवत्ता के कारण सड़क दोबारा टूटने लगी है। यहां जगह-जगह फैल चुकी बजरी से वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है। जबकि मुख्य मार्ग होने की वजह से सैकड़ों की संख्या में यहां वाहनों का आवागमन रहता है।
गुन्नौर-बदायूं हाईवे पर सैंजना मुस्लिम से गुन्नौर तक करीब चार किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क की पीडब्ल्यूडी ने आठ दिन पहले मरम्मत कराई थी। लेकिन मात्र आठ दिन बाद ही सड़क की सतह उखड़नी शुरू हो गई। जगह–जगह बजरी बिखरी होने से वाहन चालकों को फिसलने का डर बना रहता है। वहीं, कस्बा निवासी नवनीत गांधी, गजेंद्र सिंह, ओमकार ने बताया कि खासकर दोपहिया चालक हल्की रफ्तार में भी फिसलने से बचते नजर आते हैं। मरम्मत कार्य में बेहद लापरवाही बरती गई है।
मुख्य सड़क होने के कारण इस मार्ग से दिनभर सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की खराब हालत से हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्कूल जाने वाली बाइकें, दुपहिया वाहन, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहन तक फिसलने से बचते हुए रेंगकर निकलते हैं। लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी ने सिर्फ ऊपरी परत डालकर काम पूरा दिखाने की कोशिश की, जिसका नतीजा अब सड़क के फिर से टूटने के रूप में सामने है।