शहर के एक गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्रा व उसकी सहेलियों को समोसे देने पहुंचे प्रेमी को कॉलेज स्टाफ ने पकड़ लिया। आरोपी युवक की स्टाफ ने जमकर पिटाई की। युवक ने बताया कि छात्रा व उसके पास कई दिन से फोन कर रही थीं। पुलिस ने युवक के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की है।
थाना हजरत नगर गढ़ी निवासी प्रेमी युवक सतेंद्र कुमार बृहस्पतिवार की दोपहर साढ़े बारह बजे चंदौसी के एक गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्रा को समोसा देने जा पहुंचा। कॉलेज में पहुंचने पर प्रेमी ने कॉलेज स्टाफ से छात्रा को बुलाने की बात कही। तभी कुछ शक होने पर कॉलेज स्टाफ ने प्रेमी युवक को पकड़कर पूछताछ करनी शुरू कर दी। तब युवक ने बताया कि पिछले कई दिनों से छात्रा व उसकी सहेलियां उससे मोबाइल पर बात कर रही हैं। बृहस्पतिवार को छात्रा ने समोसे मंगाए थे, तो वह समोसे लेकर कॉलेज देने जा पहुंचा। प्रेमी युवक की बात सुनने के बाद स्टाफ ने युवक को जमकर पिटाई की। सूचना पर एसआई पूजा नागर कॉलेज पहुंच गई। मामले की जानकारी होने पर कॉलेज की प्रधानाचार्य ने चार छात्राओं को अपने कार्यालय में बुलाया। साथ ही छात्राओं को परिजनों को सूचना दी। कुछ देर बाद छात्राओं के परिजन भी कॉलेज जा पहुंचे। प्रधानाचार्य ने छात्राओं से जानकारी करने के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया। जबकि पुलिस आरोपी युवक को कोतवाली ले आई। पुलिस ने युवक के विरुद्ध शांतिभंग में कार्रवाई की है।