सिरसी के मोहल्ला शर्की में स्वास्थ्य विभाग के शिविर में मरीजों को देखते डॉक्टर। संवाद
सिरसी(संभल)। सिरसी में फैल रहे बुखार को लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की तो स्वास्थ्य विभाग चेत गया। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने मोहल्ला शर्की में शिविर लगाकर 172 मरीजों को देखकर इलाज शुरू किया। 70 मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर टाइफाइड, मलेरिया, शुगर की जांच की। जिसमें दो मरीज शुगर के पाए गए। मोहल्ला शर्की में बुखार का प्रकोप बढ़ा हुआ है। हरेक घर में लोग बुखार से तप रहे हैं। करीब 400 लोगों को बुखार ने चपेट में ले रखा है। पीड़ित सिरसी और महमूदपुर माफी के निजी अस्पतालों से इलाज करा रहे हैं।
शुक्रवार को मोहल्ला शर्की में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया गया। इसमें सुबह से ही मरीज पहुंचकर समस्या की जानकारी देने लगे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए इलाज शुरू किया। डॉ. मोहम्मद राहिल ने बताया कि शिविर में 172 मरीज आए। इसमें बुखार के सबसे अधिक मरीज रहे। आई फ्लू, बदन दर्द, ब्लड प्रेशर, शुगर और एलर्जी के मरीज भी आए। मरीजों को नि:शुल्क दवा वितरित की गई।
70 मरीजों के ब्लड के सैंपल लेकर टाइफाइड, मलेरिया और शुगर की जांच की गई तो दो मरीज शुगर के पाए गए। इस दौरान दीपक, निशा, सीएचओ सुमित कुमार और एलटी रजत सागर रहे।