चंदौसी(संभल)। पतरौआ गांव में बड़ी ईदगाह के पास सोमवार को नाले से बरामद सिरकटी लाश पुलिस के लिए पहेली बन गई है। बरामद युवक के क्षत-विक्षत शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अब यह पता लगाना टेढ़ी खीर हो गया है कि युवक कौन और कहां का रहने वाला था। इसके लिए न सिर्फ अपने जिले में बल्कि आसपास के जिलों से भी यह एक महीने के दौरान गायब होने वाले युवकों की जानकारी मांगी जा रही है।
सोमवार की सुबह नाले के अंदर बैग पड़ा देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग निकलवाया तो उसमें अंग भंग सड़ा-गला शव निकला। बिना सिर वाले इस शव पैर और हाथ भी गायब थे। पुलिस के अनुसार बरामद शव 20 से 30 साल तक के युवक का था। कई दिन पुराना शव पूरी तरह से सड़ चुका था और कुत्ते इसे खींच रहे थे। किसी ने इस युवक की निर्मम तरीके से अंग भंग कर हत्या की थी और शव की शिनाख्त न होने पाए इसी को लेकर उसकी गर्दन काटकर हत्यारे सिर को ले गए, जिसे कहीं और फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारी व फोरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की और नमूने भी लिए।
अब पुलिस के सामने न सिर्फ शव की शिनाख्त कराने की चुनौती है, बल्कि उसके शरीर के बाकी अंग तलाश करना भी बेहद टेढ़ी खीर है। हालांकि शननाख्त कराने के लिए दूसरे पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी संपर्क साधा गया है और वहां से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी मांगी गई है। कुल मिलाकर नाले में मिली क्षत विक्षत लाश पुलिस के लिए पहेली बन गई है। कोतवाली प्रभारी अनुज तोमर के अनुसार बरामद सिर कटी लाश की शिनाख्त कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। आसपास के जिलों से भी जानकारी मांगी गई है।