मेरठ के पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने गरीबों से झूठे वादे नहीं किए, बल्कि उन्हें वास्तविक विकास और समृद्धि प्रदान की। सरकार के इन्हीं प्रयासों का नतीजा है कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले। यह बात उन्होंने भाजपा के जिला कार्यालय पर रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।पूर्व सांसद ने कहा कि जहां एक दशक पहले बजट 1.8 लाख करोड़ था, आज वह 11 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। इस बार 10 करोड़ महिलाएं विशेष रूप से पिछड़े और ग्रामीण क्षेत्र में जो स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, उनके कार्य क्षेत्र को बढ़ाने के लिए 20 लाख तक की वित्तीय सहायता देने का संकल्प लिया है। सरकार करीब तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। बताया कि बीते एक दशक में कृषि बजट को 10 गुना बढ़ाया गया है।
पूर्व सांसद ने पूर्व सरकारों की नीतियों की कमियों को भी उजागर किया। कहा कि पहले एक रुपये में केवल 15 पैसे ही किसानों तक पहुंचते थे, इस वजह से यूरिया और उर्वरकों की जमाखोरी व कालाबाजारी होती थी लेकिन मोदी सरकार ने इस समस्या को खत्म कर सीधे किसानों को खाद बंटवाया है। किसानों को आसान ऋण भी तीन गुना बढ़ाया गया है। कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र त्यागी ने किया। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, परमेश्वर लाल सैनी, संजय पोली, हरिओम शर्मा आदि मौजूद रहे।