संभल-मुरादाबाद मार्ग पर लंबे समय से खाली पड़ी रोडवेज बस स्टैंड की जगह पर रविवार को सौंदर्यीकरण शुरू हुआ तो कुछ लोगों ने विरोध कर दिया। मामला बढ़ा तो चेयरमैन कौसर अब्बास मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को जारी करने को कहा। दरअसल, सिरसी में मुरादाबाद रोड किनारे रोडवेज बस स्टैंड के परिसर में एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा लिया है, जो लंबे समय से ट्रांसपोर्ट का संचालन करता है। इस बीच सिरसी से मुरादाबाद जाने वाली सवारी बस का इंतजार धूप और बारिश में खुले आसमान के नीचे खड़े रहकर करना पड़ता है। कई बार इसके सौंदर्यीकरण की बात हुई लेकिन ट्रांसपोर्ट संचालित करने वाला व्यक्ति इसमें बाधा बना हुआ है।
इस बार नगर पंचायत ने इसके सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव पास किया था। रविवार को नगर पंचायत ने सौंदर्यीकरण का काम शुरू कराया तो यही व्यक्ति पहुंचा और कार्य का विरोध शुरू कर दिया। इसकी सूचना चेयरमैन को दी गई। मौके पर चेयरमैन कौसर अब्बास पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, चेयरमैन के पहुंचने के बाद सौंदर्यीकरण का कार्य जारी रहा।
चेयरमैन ने बताया कि रविवार को सौंदर्यीकरण का काम शुरू कराया गया। कुछ लोग इसका विरोध कर रहे थे। थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मामला जानकारी में है। चेयरमैन ने यहां आकर बताया था। उनसे तहरीर के लिए कहा था लेकिन कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।