नखासा थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन युवकों ने तमंचे का भय दिखाकर किशोरी के साथ गैंगरेप किया। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया। आरोप है कि तीनों युवक किशोरी को ऑटो में डालकर मुरादाबाद ले गए। बेहोशी की हालत में एक स्थान पर छोड़कर भाग गए। किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है।
पीडि़त किशोरी को पड़ोस के ही एक युवक ने शादी करने का सपना दिखाकर अपने झांसे में लिया। शादी का झांसा देकर युवक ने कई स्थानों पर ले जाकर किशोरी के साथ दो माह तक दुष्कर्म किया। आरोप है कि 11 अप्रैल को किशोरी घर पर अकेली थी। युवक ने उसे आवाज देकर घर के बाहर बुला लिया। युवक किशोरी को घर के निकट पड़े एक खाली प्लाट में ले गया। जहां युवक के दो साथी पहले से मौजूद थे।
तीनों युवकों ने किशोरी के साथ मिलकर गैंगरेप किया। युवती के साथ हुई घटना का मोबाइल में वीडियो बना लिया। इसके बाद तीनों युवक बेहोशी की हालत में किशोरी को ऑटो में डालकर मुरादाबाद ले गए। कटघर थाना क्षेत्र के एक स्थान पर बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए।
होश में आने पर किशोरी ने एक राहगीर के फोन से परिजनों को सूचना दी। परिजन किशोरी को लेकर घर आए। थाना पुलिस को गांव के ही तीनों लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। थाना प्रभारी सवेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।