संभल। जिलेभर में जगह-जगह होलिका दहन के साथ ही रंगोत्सव की धूम शुरू हो गई। लोगों ने पूजा-अर्चना के बाद जमकर अबीर गुलाल उड़ाया। एक-दूसरे से गले मिलकर होली की बधाई दी। देररात तक युवा होली के गीतों पर थिरकते रहे। मौज मस्ती का यह दौर देररात तक चलता रहा।
रविवार को जिलेभर में होली का उत्साह रहा। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। घरों में महिलाएं परंपरागत पकवान गुजियां, पपड़ी व खस्ता बनाने में महिलाएं पूरे दिन व्यस्त रहीं। वहीं, युवा और बच्चों की टोलियां सार्वजनिक स्थानों पर होलिका का दांडा व लकड़ी को जमाने में लगे रहे। दोपहर बाद महिलाओं ने होलिका दहन से पूर्व पूजा की। गोबर के बुरबुले चढ़ाए। प्रसाद चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। रात्रि होते ही शुभ मुहुर्त में गली-मोहल्लों में होलिका दहन हुआ। वहीं दूसरी ओर चंदौसी की पुरानी पैंठी, होली मोहल्ला और विजय टाकीज के नजदीक होलिका दहन किया गया।
आज निकाले जाएंगे जुलूस, चौकसी
होली पर संभल नगर के अलावा सिरसी, असमोली समेत कई स्थानों पर सोमवार को जुलूस निकाले जाएंगे। इन्हें शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्य जुलूसों के साथ पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। इस दौरान आला अधिकारी भी निगहबानी करते रहेंगे। बहजोई भी जुलूस निकलेंगे। इसके अलावा गुन्नौर में भी जुलूस निकाले जाएंगे। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी में रंग चौपाई का भव्य जुलूस निकलेगा।
अलग-अलग स्थानों पर मिलेंगे पानी के टैंकर
संभल नगर क्षेत्र में पानी के लिए नगर पालिका अपने अलग-अलग स्थानों पर टैंकर खड़े करेगी। ईओ ने बताया कि मोहल्ला ठेर, राम प्यारे की दुकान के सामने, सरथल चौकी, कोटपूर्वी में साहनी वाला फाटक, नगर पालिका परिषद के परिसर में पानी के टैंकर रहेंगे। खाली होने पर इन्हें भरकर दोबारा खड़ा करवाया जाएगा। लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिला अस्पताल में 24 घंटे मुस्तैदी से तैनात रहेंगे चिकित्सक
संभल। रंग में कहीं खलल न पड़े, इसका ख्याल स्वास्थ्य विभाग रखेगा। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.अनूप अग्रवाल ने बताया कि सुबह में तीन शिफ्टों में चिकित्सकों को स्टॉफ के तैनात किया है। सुबह में आठ बजे से दोपहर दो बजे तक, दोपहर दो से रात्रि आठ बजे तक और फिर आठ से सुबह में आठ बजे तक चिकित्सक स्टॉफ के साथ मुस्तैद रहेंगे। इसमें लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय है।
लगातार मिलेगी विद्युत आपूर्ति
संभल। विद्युत उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी। 26 मार्च की सुबह सात बजे तक सुचारू रूप से निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने का आदेश शासन ने दिया है। एक्सईएन नवीन गौतम का कहना है कि इस दौरान किसी भी प्रकार का ब्रेकडाउन या विद्युत आपूर्ति में व्यवधान की सूचना मिलने पर तत्काल निस्तारण कराया जाएगा। इसके लिए सभी अवर अभियंता, उपखंड अधिकारियों को बिजलीघर पर उपस्थित रहने का आदेश दिया है।