संभल। हयातनगर स्थित दरगाह के शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। चारों ओर जैक लगा दिए गए हैं। टीम दो दिन में इस पूरी दरगाह को उठाकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर देगी। इसके बाद मरम्मत कराई जाएगी। रुड़की से आई टीम के सदस्यों ने बताया कि दरगाह के चारों ओर जैक लगाने का काम पूरा हो गया है। दो दिन का काम अब और बाकी है। इसके बाद पूरी दरगाह को उठाने के लिए तैयारी की जाएगी। दरगाह के अंदर बनी कब्र के आसपास भी खोदाई कर मिट्टी कम कर दी है। ताकि दरगाह को उठाने में आसानी हो सके। 20 फीट चौड़ी व 25 फीट लंबी दस दरगाह को 30 फीट दूरी पर शिफ्ट किया जाना है।
मालूम हो संभल-बहजोई मार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है। इस चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण चिह्नित किया गया। इसी दौरान दरगाह, मस्जिद और मंदिर परिसर का कुछ हिस्सा अतिक्रमण के रूप में चिह्नित किया गया। मस्जिद को पूरी तरह ध्वस्त किया गया है लेकिन दरगाह को शिफ्ट कराया जा रहा है।