मजदूरों के घरों में मंडप सजेंगे। बैंडबाजे के साथ बारात आएगी। दावत और जयमाला के बाद सात फेरों की रस्म पूरी कराई जाएगी।
कुछ ऐसा ही माहौल उन मजदूरों के यहां होगा, जो योगी सरकार में श्रम विभाग द्वारा लाई गई कन्या विवाह अनुदान सहायता योजना के पात्र साबित हो चुके हैं। योजना के जरिये न सिर्फ मजदूरों का बेटियों के हाथ पीले करने का सपना पूरा होगा बल्कि खुशी के माहौल में बेटियां भी पराई होकर अपना संसार बसाने के लिए कदम उठा सकेंगी।
जी हां, संभल में योजना का लाभ लेने के लिए श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों ने आवेदन किए थे। श्रम प्रवर्तन अधिकारी संभल ने मौके पर जांच पड़ताल की। इसमें तीन आवेदन सही पाए गए हैं। जो बहजोई, हयातनगर और नखासा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के हैं। यह संस्तुति सहित सहायक श्रमायुक्त को भेज दिए गए हैं। इनके द्वारा अब जिलाधिकारी तक जाएंगे। जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद पात्र लाभार्थियों के खातों में जल्द ही अनुदान धनराशि भेजी जाएगी।
बताते चलें योजना के तहत पंजीकृत मजदूर की बेटी की शादी कराने के लिए 55 हजार रुपये की धनराशि देने का प्राविधान है। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र मजदूर आनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।