बहजोई(संभल)। जिले को पांच नए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर मिले हैं। नोडल अधिकारी व चंदौसी के सीएचसी प्रभारी डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के संभल नगर के लिए चार व गुन्नौर के लिए एक शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर नए मिले हैं।
बताया कि इनमें संभल में मोहल्ला फुलवार समेत कोटला, कोटपूर्वी व अफजालपुर समेत गुन्नौर में मोहल्ला सराय में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर शामिल है। बताया कि बीते दिनों हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में इन सभी शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन को लेकर अनुमोदन मिल गया है। अब इन इलाकों में किराये के भवन के लिए टेंडर प्रक्रिया होगी। किराये का भवन मिलने के बाद इन सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चिकित्सक समेत स्टाफ नर्स, एएनएम व दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती होगी। साथ ही, मरीजों के उपचार समेत खून की जांच को लेकर जरूरी उपकरण व दवाइयां भी उपलब्ध करा दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल जिले में पहले से ही विभिन्न नगरों में 29 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहले से संचालित हैं। इन सभी आरोग्य मंदिर में रक्त की जांच समेत मरीजों का इलाज कर दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।