संभल/गवां। खेत की रखवाली करने गए किसान का शव एक पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव गमछे से लटका मिला है और कुछ ही दूरी पर एक दूसरा गमछा मिला है जिस पर खून के निशान हैं। मृतक की बेटी का दावा है कि उसके पिता के सिर में चोट भी लगी है। पुलिस ने मौत की हकीकत जानने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव मुटैना गिरधारी निवासी हरपाल (46) पुत्र सियाराम का शव मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे गांव के बाहरी छोर पर स्थित एक ग्रामीण के खेत में लगे पेड़ से लटका मिला। किसान के गले में गमछे का फंदा लगा था। मृतक की पत्नी राजवती का कहना है कि वह सोमवार को बुलंदशहर के गांव बेलोन गई थी। घर पर पति और दो बेटियां थीं। रोज की तरह उसके पति सोमवार की रात करीब नौ बजे खेत की रखवाली करने के लिए गए थे। मंगलवार की सुबह जब वह घर लौटी तो उसके पति के खेत से नहीं लौटने की जानकारी मिली।
परिजनों के साथ खेत पर पहुंचे तो गांव निवासी एक किसान के खेत में लगे पेड़ से शव लटका हुआ था। पीड़िता की बेटी प्रीति का कहना है कि उसके पिता की हत्या किए जाने की आशंका है। शव से कुछ दूरी पर एक गमछा मिला है जिस पर खून के निशान हैं। सिर पर भी चोट लगी है। पुलिस ने जांच पड़ताल कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।