साइकिल मिस्त्री की हत्या के बाद धनारी के खलीलपुर में मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सामान बेचने को लेकर विवाद होने पर ई-रिक्शा मिस्त्री ने अपने ममेरे साले व उसके साथी को दस हजार रुपये की सुपारी एडवांस में देकर साइकिल मिस्त्री की हत्या कराई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी व दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह थाना धनारी के गांव खलीलपुर के पास सड़क किनारे बबराला के मोहल्ला यादवान निवासी शिवकुमार ऊर्फ राजेश का शव मिला था। गले पर निशान थे, नाक व कान से खून आ रहा था। मृतक के पिता ने धनारी क्षेत्र के गांव निवासी महिला, उसके पति व देवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
बबराला के ही मोहल्ला यादवान निवासी यश कुमार से शिवकुमार उर्फ राजेश के विवाद की जानकारी मिली। मामले की जांच की गई, तो हत्या का शक गहराया। पुलिस ने मुख्य आरोपी यश कुमार, उसके दो साथी रिंकू निवासी घासीपुर थाना बहजोई और सुधाकर शर्मा निवासी जैराई हयातनगर थाना बहजोई को मझोला फतेहपुर तिराहे से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी यश कुमार ने हत्या कराने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दस हजार रुपये एडवांस देकर सुधाकर शर्मा व रिंकू से राजेश की हत्या करवाई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गमछा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबल ऋषिपाल गिरी, कांस्टेबल गनवीर सिंह, विकास कुमार रहे।
शिवकुमार उर्फ राजेश की हत्या का खुलासा किया गया है। उसकी हत्या आपसी विवाद के चलते बबराला के ही ई-रिक्शा मिस्त्री ने कराई थी। तीनों हत्यारोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। आरोपियों से गमछा भी बरामद हुआ है। तीनों आरोपी न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिए गए हैं।
- डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, सीओ बहजोई