बहजोई(संभल)। भारत सरकार की टीम ने पिछली लोकसभा के पांच वर्षों में जिले में सांसद निधि की धनराशि से कराए गए विकास कार्यों की जांच-पड़ताल की है। करीब चार दिन तक रही जांच-पड़ताल के बाद टीम वापस लौटने के बाद अब भारत सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
बीते दिनों दिल्ली से आई एएफसी इंडिया लिमिटेड एमपी लैड्स डिवीजन के प्रतिनिधि विपिन शुक्ला के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने जिले से जुड़े तत्कालीन दो सांसदों व एक वर्तमान राज्यसभा सदस्य की निधि से कराए गए विकास कार्यों की जांच-पड़ताल की।
परियोजना निदेशक, डीआरडीए ज्ञान सिंह ने बताया कि 20 से लेकर 23 जून तक भारत सरकार की टीम में शामिल अधिकारियों ने पिछली लोकसभा के पांच वर्षों में वर्ष 2019 से लेकर 2024 तक जिले में सांसद निधि से कराए गए 381 में से 52 विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन किया।
एई डीआरडीए, कमलकांत शर्मा ने बताया कि लोकसभा संभल के तत्कालीन सांसद शफीकुर्रहमान बर्क व बदायूं सांसद संघमित्रा मौर्य समेत वर्तमान राज्यसभा सदस्य जावेद अली खां की ओर निधि से हुए 52 विकास कार्यों की जांच-पड़ताल में 14 इंटरलॉकिंग सड़कें, दो विद्यालयों में कक्ष निर्माण, 17 वाटर कूलर व 19 हाईमास्ट लाइटें शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि टीम की ओर से कराए गए विकास कार्यों के प्रत्येक प्रोजेक्ट का जियो टैग भी किया गया।