बहजोई। हाईवे पर सड़क हादसे के मृतक युवक की शिनाख्त चौथे दिन गांव नाधौस निवासी नितिन (18) के रूप में हुई है। हादसा 19 जुलाई की रात करीब साढ़े दस बजे मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव ढकारी के निकट युवक की बाइक में कार की टक्कर लगने से हुआ था।
मृतक युवक के तहेरे भाई राजा शर्मा के मुताबिक, युवक नितिन नोएडा में रहकर काम करता था। सड़क हादसे से करीब दो- तीन दिन पहले वह नोएडा से गांव आया था। इसके बाद वह किसी काम से गांव से बहजोई को गया हुआ था। इस बीच रास्ते में हादसा हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं, युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने बताया कि घर वालों से जानकारी लेने पर सामने आया कि काफी देर तक जब युवक घर नहीं पहुंचा, तो उसकी तलाश की गई। दो-तीन तक तलाश करने पर जब युवक का पता नहीं चला, तो पाठकपुर पुलिस चौकी में पहुंचकर जानकारी ली गई।
प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस चौकी पहुंचे परिजनों से मिली जानकारी में मृतक युवक की शिनाख्त नितिन के रूप में हुई। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। कार पुलिस के कब्जे में है। अब परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।