संभल/असमोली। असमोली में एमए अंतिम वर्ष के छात्र का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक अपने पिता का इकलौता बेटा था।
शुक्रवार दोपहर 12 बजे के करीब गांव असमोली निवासी किसान बिजेंद्र शर्मा के 26 वर्षीय बेटे विकास शर्मा का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। शव लटका होने की जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों को दी। पीड़ित पिता ने बताया कि वह अपनी पत्नी मधु शर्मा को दवाई दिलाने के लिए सुबह दस बजे संभल गए थे। उनका बेटा घर पर अकेला था। दोपहर 12 बजे किसी काम से विकास शर्मा को फोन किया, लेकिन उसका फोन नहीं उठा। फोन नहीं उठने पर पड़ोसी महिला को घर भेजा तब शव लटका होने की जानकारी मिली। पीड़ित पिता ने बताया कि उनका बेटा एमए अंतिम वर्ष का छात्र था और असमोली की एक गैस एजेंसी पर कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। पीड़ित परिजनों का कहना है कि युवक किसी बात को लेकर परेशान भी नहीं था।