गांव मुजफ्फरपुर निवासी मोहम्मद अरमान (29) का शव दुबई के शारदा शहर में किराये के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन को पत्र देकर बेटे का शव लाने की गुहार लगाई है। डीएम ने दूतावास संयुक्त अरब अमीरात नई दिल्ली को पत्र भेजा है।
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर के निवासी जफर अली ने बताया कि 28 अगस्त 2023 को उनका बेटा मोहम्मद अरमान हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव छछैरा निवासी शाहरुख के बुलाने पर दुबई के शारदा शहर में कारपेंटर का काम करने गया था। बुधवार की सुबह सात बजे दुबई से कंपनी के मैनेजर ने फोन पर बेटे की मौत की सूचना दी। बाद में उसके दोस्त शाहरुख को फोन किया तो उसने सिर्फ फंदे से लटककर जान देने की बात बताई।
उन्होंने बताया कि सोमवार की रात बेटे से वीडियो कॉल पर बात की थी, तब उसने 27 अगस्त 2025 को आने की बात कही थी। उन्होंने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने जिला प्रशासन से दुबई से बेटे का शव लाने की मांग की है।