धनारी थाने में भाकियू के धरने को संबोधित करते प्रदेश प्रमुख महासचिव बिजेंद्र सिंह यादव।
- फोटो : CHANDAUSI
संभल/धनारी। किसानों के उत्पीड़न के विरोध में भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने थाने का घेराव कर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों को न्याय नहीं मिल रहा है। थाना पुलिस पीड़ित किसानों की नहीं सुन रही है। धरने के दौरान भाकियू के एक प्रतिनिधि मंडल की सीओ से वार्ता हुई। सीओ के आश्वासन पर पदाधिकारी मान गए और धरना स्थगित कर दिया।
शनिवार को भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता अमर सिंह व वीरेश यादव भूमि के विवाद को लेकर थाना प्रभारी विद्युत गोयल के पास पहुंचे। इस दौरान दोनों भाकियू कार्यकर्ताओं की प्रभारी निरीक्षक से नोकझोंक हो गई। रविवार की सुबह करीब दस बजे भाकियू पदाधिकारी अपने ट्रैक्टर-ट्राली लेकर थाने पहुंचे और दोपहर करीब 12 बजे थाने गेट पर ट्रैक्टर खड़े कर रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद सभी भाकियू पदाधिकारी थाने के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। किसानों का आरोप था कि थाना पुलिस ने किसानों की नहीं सुन रही है। पीड़ित किसानों को न्याय नहीं दिया जा रहा है।
कुछ देर बाद भाकियू प्रदेश प्रमुख महासचिव बिजेंद्र सिंह यादव भी धरना स्थल पहुंच गए। दोपहर करीब ढाई बजे बिजेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व पदाधिकारियों ने सीओ गोपाल सिंह से वार्ता की। इस दौरान सीओ ने आश्वासन दिया कि किसानों के साथ न्याय किया जाएगा। दो भाइयों के बीच भूमि विवाद को निपटा दिया जाएगा। सीओ के आश्वासन के बाद धरना स्थगित कर दिया। इस अवसर पर संजीव यादव, राजीव यादव, अमर सिंह राजपूत, नेत्रपाल सिंह, केपी यादव, नीरज यादव आदि रहे।