जुनावई(संभल)। थाना क्षेत्र में 25 दिन पहले लिंटर डाल कर लौट रहे नगला अजमेरी के मजदूरों के साथ मारपीट और एक मजदूर की पीट-पीट कर हत्या के में फरार आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हालांकि पांच नामजदों को पुलिस जेल भेज चुकी है। जबकि दो नामजद समेत बीस अज्ञात अभी फरार हैं। थाना क्षेत्र के नगला अजमेरी गांव के रहने वाले योगेश उर्फ दुर्गेश कुमार अपने भाई भुवनेश कुमार के साथ निर्माणाधीन मकानों का लिंटर डालने का काम करता था। 18 अगस्त को वह मजदूरों के साथ बबराला में बंटी के मकान का लिंटर डालने गया था। लिंटर डालने की मजदूरी को लेकर गुन्नौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर ढाय के रहने वाले ठेकेदार श्रीनिवासन से झगड़ा हो गया। झगड़ा होने के दौरान बात हाथापाई तक पहुंच गई।
श्रीनिवास ने अपने दो दर्जन से अधिक साथियों के साथ बाइकों से ट्रैक्टर पर सवार होकर गांव लौटते समय मजदूरों का पीछा कर मारपीट की। इतना ही नहीं योगेश उर्फ दुर्गेश को जुनावई कस्बे के मैन चौराहे पर ट्रैक्टर से नीचे खींच लिया और पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के पिता कर्रु की ओर से सात नामजद और बीस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने 20 अगस्त को श्रीनिवास, सुभाष, गुड्डू, राजेश, संतोष सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि दो नामजद आरोपियों में विनोद व जयपाल और बीस अज्ञात आज भी फरार चल रहे हैं। जिन्हें पुलिस गिरफ्तार करने में नाकाम साबित हो रही है।
-
मजदूर के हत्यारोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके पुलिस की टीम गठित कर ली गई हैं। वहीं जल्द ही सभी दोषियों की गिरफ्तारी के लिए गुन्नौर सीओ दीपक कुमार तिवारी और थाना प्रभारी मेघपाल सिंह से बात की गई है।
अनुकृति शर्मा, एएसपी दक्षिणी संभल