संभल। मोहल्ला गैरतपुर में पेयजल योजना पर करीब 10 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया गया मगर यह योजना परवान नहीं चढ़ सकी। कहीं पाइप लाइन लीकेज है तो टंकी टपक रही है। लोगों को पेयजल नहीं मिल पा रहा है। कई घरों में सबमर्सिबल लगवाए गए लेकिन जलस्तर नीचे जाने की वजह से पानी दूषित आ रहा है।
वर्ष 2009 में मोहल्ला गैरतपुरा में 30 लाख क्यूसेक क्षमता की पानी की टंकी तैयार कराई गई। इससे मोहल्ला गैरतपुरा, दीपा सराय, हिंदूपुरा खेड़ा, तुर्तीपुर इल्हा आदि को पानी की आपूर्ति की जानी थी। पाइप लाइन बिछाने के साथ घरों में कनेक्शन दिए गए। टंकी से करीब 40 हजार की आबादी को पेयजल मिलने की उम्मीद थी लेकिन कुछ समय में ही यह टूट गई।
पानी की टंकी के टपकने के साथ ही पाइप लाइन में जगह-जगह से लीकेज हो गए। वर्तमान में पानी की टंकी शोपीस बन रह गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पेयजल योजना का कोई लाभ नहीं मिल सका। जिससे पानी के लिए परेशानी हो रही है। नगर पालिका को इस समस्या का स्थायी समाधान कराना चाहिए।
बताते चलें कि पानी की टंकी से पेयजल नहीं मिलने पर कई घरों में सबमर्सिबल लगवाए गए लेकिन अब जलस्तर नीचे जा रहा है। जिस कारण दूषित पानी आने की वजह से लोग दिक्कतों से जूझ रहे हैं। इस इलाके में भविष्य में पेयजल संकट और गहरा सकता है।
000000000
टंकी से पानी नहीं मिल रहा। सबमर्सिबल ही सहारा है। उससे भी दूषित पानी आता है। अब टंकी से पेयजल आपूर्ति होने का इंतजार है।
- मुशाहिद हुसैन
पानी की टंकी बने हुए कई साल बीत गए लेकिन पानी मिलने की उम्मीद पूरी नहीं हुई। आज तक पानी नहीं मिल पाया। जिससे समस्या हो रही है।
-मेहरान
जब पानी की टंकी बनी थी तो लगा था कि अब पानी की समस्या नहीं रहेगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। सबमर्सिबल से काम चलाया जा रहा है।
-फहद
अगर पानी की टंकी से पेयजल आपूर्ति करा दी जाए तो समस्या समाप्त हो जाएगी। इस तरफ ध्यान दिया जाना चाहिए, तभी सहूलियत मिलेगी।
-हिलाल
पेयजल परियोजना के तहत पानी की टंकी का कार्य होना है। यह कार्य जल निगम को कराना है। उम्मीद है कि जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
- डॉ. मणिभूषण तिवारी, ईओ नगर पालिका संभल