चंदौसी। तहसील बार की एक सभा सोमवार को तहसील के बार भवन में आयोजित की गई। अधिवक्ताओं ने बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्नान दो दिन की हड़ताल के साथ 16 सितंबर तक बहिष्कार रखने का निर्णय लिया। इसके बाद अधिवक्ता रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे और काम बंद करा दिया है। अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और दिन तहसील में धरने पर बैठे रहे।
बैठक में तहसील अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से हापुड़ की घटना और उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आह्नान पर सोमवार व मंगलवार हड़ताल करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अधिवक्ताओं की बैठक में निर्णय लिया गया कि बुधवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार को भी यानी 16 सितंबर तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसके अलावा तहसील स्थित निबंधन कार्य को भी पूरी तरह बंद रखा जाएगा। सभा में निर्णय लिया गया कि जब तक हापुड़ के अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज करने वाले पुलिस कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं होगी। तब तक तहसील व निबंधन कार्यालय में कोई भी अधिवक्ता कार्य नहीं करेगा।
वहां से अधिवक्ता एकत्र होकर रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे और वहां सभी से निवेदन करके हड़ताल में सहयोग करने और काम बंद करने की बात कही। इसके बाद वहां उन्होंने काम बंद करा दिया। दस्तावेज लेखकों ने भी अधिवक्ताओं की हड़ताल का समर्थन किया। सभा की अध्यक्षता भूपेंद्र कुमार गौड एवं तेजेंद्र देव सिंह और संचालन राजेश कुमार व वीरेंद्र कश्यप ने किया। इस मौके पर शिवओम शर्मा, अशोक शर्मा, अमर सिंह यादव, कल्याण सिंह, बलराम शर्मा, महिपाल सिंह, इशरत अली, मुकेश पाल सिंह यादव, बृजेश मिश्रा, पंकज, छत्रपाल यादव आदि मौजूद रहे।