संभल। मध्य गंगा नहर की माइनर में सोमवार को पानी छोड़ा गया। इससे किसानों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। तमाम किसान मौके पर पहुंचे। उनमें खुशी का ठिकाना न रहा। दावा किया जा रहा है कि इस माइनर से 24 गांवों की 1370 हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकेगी। जिसका सीधा लाभ इन गांवों के 4200 किसानों को मिलेगा। मालूम हो कि जनपद में गिरते भूजल को देखते हुए साल 2008 में मध्य गंगा नहर बनाने का प्रस्ताव पास किया गया था। धन के अभाव में परियाेजना मंद चाल से चली। करीब डेढ़ दशक के बाद यह पूरी हो पाई है। अब किसानों को उम्मीद है कि इससे सिंचाई होगी। भाकियू टिकैत के नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह ने अधीक्षण अभियंता के साथ मिलकर शुभारंभ किया। भाकियू नेता का कहना है कि लंबे समय से नहर के संचालन की आस देख रहे थे। माइनर के चालू होने से वास्तव में खुशी हाथ लगी है। माइनर से फिलहाल ज्ञानपुर सिसौना, मन्नीखेड़ा, गुलालपुर, भारतल सिरसी, शरीफपुर, भतावली, खग्गुपुरा गांव के किसानों को लाभ मिलेगा, जबकि जल्द ही बाकी नहर भी चालू होने की उम्मीद है। कुछ काम शेष होने के चलते बहजोई शाखा में पानी नहींं छोड़ा गया है, वर्ना इसके बाद कई माइनर चालू होंगे और किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। किसानों का कहना है कि मध्य गंगा नहर के चालू होने से गिरता हुआ भूजल स्तर में सुधार होगा।