संभल। असमोली विकासखंड के गांव शाहबाजपुर कला में ग्रामीणों की शिकायत पर तहसील प्रशासन की टीम ने लोगों द्वारा बंद किए गए नाले को खुलवाया है। साथ ही दोबारा नाला बंद किए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। गांव शाहबाजपुर कला के ग्रामीणों ने कुछ लोगों द्वारा नाला बंद करने की शिकायत अधिकारियों से की थी। ग्रामीणों ने बताया था कि कुछ लोगों द्वारा घरों के पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले में मिट्टी और ईटें डालकर बंद कर दिया है। मामले को संज्ञान में लेकर तुरंत एडीएम ने पुलिस को मौके पर भेजकर नाले को खुलवा दिया था। साथ ही एडीओ पंचायत सुनील कुमार सिंह, ग्राम विकास अधिकारी सतपाल सिंह ने नाले के ऊपर लोहे का जाल लगवा दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि उन लोगों द्वारा लोहे का जाल उखाड़ कर नाले को दोबारा बंद कर दिया। जिसपर ग्रामीणों ने दोबारा से उन लोगों की शिकायत एसडीएम से की। एसडीएम ने नायाब तहसीलदार दीपक कुमार को लेखपाल व पुलिस के साथ मौके पर भेजा। तहसील प्रशासन की टीम ने ग्राम प्रधान से नाली बंद करने के बारे में जानकारी की। जिसके बाद मजदूरों को बुलाकर नाला खुलवाया और नाले पर लोहे का जाल लगवा कर पानी निकासी की व्यवस्था कराई। साथ ही उन लोगों को दोबारा नाला बंद किए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।