बृहस्पतिवार को बेहोशी की हालत में मिली किशोरी की मुरादाबाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोरी के दादा ने पड़ोसी युवक पर किशोरी को बहला-फुसला ले जाने, दुष्कर्म करने और जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक भगवान सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी घर से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 16 वर्षीय पोती को बुधवार की रात पड़ोसी युवक भगवान सिंह बहला-फुसलाकर घर से ले गया था। रात को करीब तीन बजे उन्हें पता चला। बृहस्पतिवार की सुबह परिजन एकत्र होकर आरोपी युवक भगवान सिंह के घर पहुंचे और उसके पिता से शिकायत की। आरोप है कि दोपहर के बाद करीब तीन बजे आरोपी युवक किशोरी को जहरीला पदार्थ खिलाकर सरकारी नलकूप के पास छोड़ गया। वहां किशोरी बेहोशी की हालत में मिली। वहां से किशोरी को चंदौसी सीएचसी ले जाया गया। वहां से परिजन उसे मुरादाबाद जिला अस्पताल ले गए। बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोरी के दादा ने आरोपी युवक पर किशोरी के साथ दुष्कर्म करने की आशंका जताई तथा जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक भगवान सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी करता है मजदूरी, किशोरी ने दी थी हाईस्कूल की परीक्षा
किशोरी ने इस बार हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। आरोपी युवक के पिता की गांव में परचून की दुकान है। युवक मुरादाबाद में मेहनत मजदूरी करता है।
किशोरी के दादा ने गांव के ही एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर बुलाकर ले जाने, जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका भी जताई है।
दिनेश चंद, सीओ चंदौसी