धनारी (संभल)। चंदौसी-बबराला रेल रूट पर भकरौली के समीप ट्रेन की चपेट में आकर लता (14) की मौत हो गई। सूचना पर धनारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में चीखपुकार मची है।
धनारी के गांव भकरौली निवासी यशपाल की बेटी लता गांव के विद्यालय में कक्षा नौ में पढ़ती थी। यशपाल ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर लता सामान लेने बाजार जा रही थी। उसी समय भकरौली हॉल्ट से 250 मीटर पहले ट्रैक पार करते समय वह बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगाें की भीड़ लग गई। सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ के अलावा स्थानीय पुलिस पहुंच गई। शिनाख्त होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। लता सात बहन-भाइयों में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से मां सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक बाबूराम गौतम ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आकर किशोरी की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।