संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर के नजदीक बरातियों से भरी पिकअप गाड़ी के शनिवार को रात गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राली से टकराने से घायल हुए कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सौंधन निवासी गुड्डन के बेटे अनोज (13) की मुरादाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में अब मृतकों की संख्या दो हो गई है।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सौंधन निवासी होतीलाल के बेटे शंभू की बारात शनिवार को रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव बहट करन गई थी। जिसमें पिकअप में बराती सवार थे। रात में गांव केसरपुर के पास पिकअप ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई थी। हादसे में गांव सौंधन के पिकअप चालक हरिओम की मौत हो गई थी जबकि नौ बाराती घायल हुए। इनमें गुड्डन का बेटा अनोज भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे संभल के बाद मुरादाबाद ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वह कक्षा आठ का छात्र और दो भाइयों में छोटा था। परिजनों ने पोस्टमार्टम से इन्कार कर दिया। गांव के श्मशान में अनोज के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में हरिओम का शव घर लाया गया। उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।