संभल। जिले की एक 14 वर्षीय किशोरी का माता-पिता ने बाल विवाह कर दिया और पति ने भी किशोरी को कुछ दिनों के बाद छोड़ दिया। किशोरी भटक कर केरल राज्य के जिला एर्नाकुलम पहुंच गई। जहां किशोरी ने शिशु को जन्म दिया है। केरल पुलिस ने बाल विवाह करने और किशोरी से दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। यह केस संभल जिले के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को ट्रांसफर कर दिया गया है। आगे की छानबीन संभल जिले की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट करेगी। उसके बाद कार्रवाई होगी।
केरल में किशोरी के बयान के आधार पर दर्ज हुई रिपोर्ट के अनुसार किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसका बाल विवाह 26 जनवरी 2023 को कर दिया गया था। जिस युवक से बाल विवाह किया गया था उसने दुष्कर्म किया और फिर कुछ समय बाद छोड़ दिया था। रास्ता भटक कर केरल जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई थी। किशोरी ने पहली फरवरी को शिशु को जन्म दिया है। इसी बयान के आधार पर केरल पुलिस ने बाल विवाह करने के आरोप में किशोरी के माता-पिता और जिस युवक से विवाह किया गया उस युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि केरल में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। अब वहां से केस ट्रांसफर हुआ है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट इस मामले की छानबीन करेगी। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।