ओबरी (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के गांव असगरीपुर में हाइटेंशन लाइन से पाइप छू गया। करंट की चपेट में आने से सोमवार को किशोर की मौत हो गई। परिजनों का हाल बेहाल है। मनोटा चौधरपुर से ओबरी संपर्क मार्ग पर पौन किलोमीटर लंबी हाइटेंशन लाइन है। संपर्क मार्ग के दोनों तरफ घर और व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। तार कुछ ढीले हैं लेकिन अगर ऊपर के तार को ध्यान में रखते हुए सतर्क नहीं हुए तो हादसे का खतरा बना रहता है। ढाई महीने में दो हादसे हुए हैं जिसमें दो किशोरों की जान गई है।
तहसील क्षेत्र में मनोटा चौधरपुर मार्ग से ओबरी संपर्क मार्ग पर बसे असगरीपुर गांव में एक नव निर्मित भवन में सोमवार की सुबह करीब नौ बजे हैंडपंप लगाने के लिए बोरिंग करने की तैयारी चल रही थी। भवन स्वामी छिद्दा के बेटे मोहम्मद अनस (16) ने मकान के आगे जमीन में बोरिंग के लिए मशीन को खड़ा किया तो मकान के आगे से गुजरी हाइटेंशन लाइन से पाइप छू गया। किशोर करंट की चपेट में आ गया। करंट से झुलसे किशोर को परिजनों ने ग्रामीणों संग मिलकर किसी तरह से उठाया। इलाज के लिए मुरादाबाद ले गए। किशोर ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। मौत की खबर पाकर घर में कोहराम मच गया।
असमोली क्षेत्र में संपर्क मार्ग के किनारे बसे दो गांवों के लोगों के लिए हाइटेंशन लाइन का खतरा है। ढाई माह में यह दूसरी घटना है। बिजली विभाग फिर भी गंभीर नहीं है। इससे पहले 24 जुलाई की मध्य रात्रि बजरी से भरा ट्रक खड़ा करते समय हाइटेंशन लाइन से टकरा गया था। ट्रक में करंट उतरा तो चंदवार की मढै़या निवासी सालिम को करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया था। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान क्लीनर सालिम की मौत हो गई थी।
संपर्क मार्ग के किनारे घरों और दुकानों के आगे से गुजरी हाइटेंशन लाइन से हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीण आसिफ, हारून, जाहिद हुसैन ने बताया कि शिकायत की गई है। बिजली विभाग हादसे रोकने को कतई गंभीर दिखाई नहीं दे रहा है।