चंदौसी (संभल)। बनियाखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर काशी में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीपीआरओ से शिकायत की थी। इस मामले में शुक्रवार को जांच टीम गांव पहुंची और शिकायत स्थल की वास्तविकता देखी। जांच के लिए टीम ने अब ग्राम पंचायत से रिकॉर्ड मांगा, ताकि हकीकत पता चल सके।
गांव मोहम्मदपुर काशी के जकी, आलम, नगीना, रेशमा, शबनम भूरे खां, फईम, आलम ने शिकायत की थी। एक ही व्यक्ति के लिए रास्ता निर्माण कराने, ग्राम पंचायत भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र पर टाइल्स बिछाने में वित्तीय अनियमितता करने, ग्राम पंचायत भवन में फर्नीचर के नाम पर भुगतान, खराब हैंडपंपों की मरम्मत का फर्जी बिल भुगतान करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच जिला उद्यान अधिकारी व सहायक अभियंता नलकूप को सौंपी थी। शुक्रवार को जांच टीम गांव पहुंची और शिकायतों को बिंदुवार देखा। मौके पर टीम को एक ही परिवार के लिए रास्ता बनाने की शिकायत सही मिली। अन्य बिंदुओं की भी टीम ने जांच की। वित्तीय अनियमितता की जांच लिए टीम ने ग्राम पंचायत से कार्यो के भुगतान की सूचना ली है। इसके बाद जांच टीम में शामिल जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार, सहायक अभियंता नलकूप, ग्राम पंचायत सचिव तोहीद मलिक, ग्राम प्रधान व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
शिकायतों को बिंदुवार देखा गया है। ग्राम पंचायत से भुगतान संबंधी रिकॉर्ड मांगा गया है, उसके बाद मिलान करने पर ही पता चल पाएगा, कहां कितनी गड़बड़ी है या नहीं है।
सुनील कुमार, जिला उद्यान अधिकारी संभल।