चंदौसी के सीआईसी कॉलेज में शिक्षकों को जानकारी देते मुख्य अतिथि स्वामी कृष्णानंद झा: स्रोत- क
चंदौसी। मिशन कर्मयोगी के तहत सोमवार को चंदौसी इंटर कॉलेज में शिक्षक चेतना विकास अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में रहे स्वामी कृष्णानंद झा ने भारतीय शिक्षा की वास्तविक धारा पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि भारत की प्राचीन शिक्षा पद्धति धर्मनिष्ठ और चरित्र निर्माण पर आधारित रही है। इसका उद्देश्य ऐसे श्रेष्ठ, कर्तव्यनिष्ठ और निस्वार्थ व्यक्तित्व का निर्माण करना है, जो राष्ट्र और सृष्टि की सेवा भावपूर्वक करें। समाज में एकता, समानता और बंधुत्व की भावना स्थापित करने में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे गुरुकुल परंपरा और सनातन शिक्षा प्रणाली से जुड़कर स्वयं को जागृत करें, तभी वे मिशन कर्मयोगी को सार्थक दिशा दे पाएंगे। धर्म के वास्तविक अर्थ को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि धर्म कोई संप्रदाय नहीं, बल्कि विश्व-नियम, सिद्धांत, नीति, कर्तव्य और व्यवस्था का स्वरूप है, जिसका उद्देश्य सज्जनों की रक्षा और अधर्म के दमन में निहित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार ने की। संवाद