बहजोई। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर के प्रेरणा ऐप के तहत सेल्फी मांगे जाने के विरोध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया।
सोमवार को बीएसए दफ्तर परिसर में धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अमीरजहां तुर्की ने कहा कि सेल्फी भेजना अव्यवहारिक है तथा इस पर एनआईसी का कोई नियंत्रण नहीं है। जिला महामंत्री नीरज कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रेरणा ऐप में काफी त्रुटियां है।
इसे परिषदीय विद्यालयों में लागू किया जाना वैधानिक रूप से उचित नहीं है। इस ऐप की पहुंच फोन मेमोरी तक होगी। साथ ही शिक्षक का निजी डाटा ऐप से कंट्रोल होगा। यह ऐप मूल अधिकारों तथा निजता पर कुठाराघात है। डा. राजू गुप्ता और सुखवीर सिंह आदि ने भी विचार रखे। इस बीच बीएसए को ज्ञापन भी सौंपा गया।
इस दौरान अभिषेक बंसल, विष्णु दत्त शर्मा, सुमित कुमार, आलोक कुमार, राजकुमार रस्तोगी, राजेंद्र कुमार, पंकज सक्सेना, जंडै़ल सिंह, नीरज कुमार, वंदना व रजनी आदि मौजूद रहे।