बहजोई (संभल)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक स्तरीय बैठक मंगलवार को बीआरसी परिसर में हुई। जिसमें संगठन के पदाधिकारियों व शिक्षकों ने ऑनलाइन हाजिरी का विरोध जताया। संगठन ने शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष अंजीव कुमार श्रोत्रिय ने कहा कि सात साल से सरकार ने न तो शिक्षकों की पदोन्नति की है और न ही जिले के भीतर होने वाले तबादले किए हैं। अब सरकार ऑनलाइन उपस्थिति का आदेश कर शिक्षकों उत्पीड़न कर रही है। यदि सरकार संगठन की उचित मांगों को समय रहते पूरा कर दे तो शिक्षक ऑनलाइन हाजिरी से गुरेज नहीं करेंगे। कहा कि यदि सरकार ने संगठन की मांगे नहीं मानीं तो 11 और 12 जुलाई को प्रदेशभर के शिक्षक ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में अपना असहमति पत्र ब्लॉक के पदाधिकारियों को सौंपेंगे। इसके बाद यह असहमति पत्र प्रदेश कार्यकारिणी के माध्यम से सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद भी सरकार नहीं मानी तो 15 जुलाई प्रदेश के हर जिले में बीएसए कार्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में मुकेश कुमार गोयल, रविंद्र अरोरा, अमर सिंह, संजीव कुमार, राजकुमार रस्तोगी, अजीत कुमार, सतीश कुमार, दीपक गोस्वामी व वंदना वार्ष्णेय रहे।
यह हैं संगठन की प्रमुख मांगें-
-राज्य कर्मचारी की तरह 30 उपार्जित अवकाश
- हाफ डे अवकाश
- द्वितीय शनिवार का अवकाश
-पुरानी पेंशन बहाली
-कैशलेस चिकित्सा सुविधा।