स्कूल बंद मिलने पर विकासखंड की ग्राम पंचायत ढाढौल के प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल के इंचार्ज अध्यापक को निलंबित किया गया है। वहीं शेष स्टाफ का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोका गया है। शिकायत मिलने पर बीएसए ने डीसी(जिला समंवयक) की टीम से कराए गए निरीक्षण में दोनों विद्यालय बंद मिलने पर इंचार्ज अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
शनिवार को बीएसए चंद्रशेखर को दूरभाष पर सूचना मिली कि विकासखंड बहजोई की ग्राम पंचायत ढाढौल के दोनों विद्यालय बंद हैं। इस पर बीएसए की ओर से डीसी की टीम भेजी गई। बीएसए ने बताया कि शिकायत मिलने पर डीसी एमडीएम दीनदयाल शर्मा व डीसी सिविल सचिन सक्सेना को विद्यालयों के निरीक्षण को भेजा गया था। दोपहर करीब पौने दो बजे निरीक्षण में सामने आया कि मौके पर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय बंद थे। इस पर दोनों ही विद्यालयों के इंचार्ज अध्यापकों को निलंबित किया गया है। साथ ही पूरे मामले में कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। तय समय तक संस्तुष्टि पूर्ण जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं शेष स्टाफ के लोगों का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोका गया है।