संभल। करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया होने के बाद भी वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। अब परिवहन विभाग ने कार्रवाई की तैयारी की है। 2698 वाहनों पर 3.50 करोड़ रुपये के टैक्स बकाये को लेकर मालिकों को नोटिस दिए गए हैं। जबकि 50 हजार रुपये से ज्यादा के बकाये को लेकर वसूली पत्र जारी करने की तैयारी चल रही है।
परिवहन विभाग में पंजीकरण कराने के बाद बस, ऑटो, ट्रक, डीसीएम आदि वाहन सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। वाहन के मालिक कारोबार करते हुए मोटा मुनाफा कमा रहे हैं लेकिन परिवहन विभाग को टैक्स अदा करने को लेकर गंभीर नहीं है। समय बढ़ता गया तो टैक्स भी करोड़ों रुपये में पहुंच गया है। परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों को सूचीबद्ध करते हुए कार्रवाई की है।
एआरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी ने बताया कि 2698 वाहनों पर करीब 3.50 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया था। इनके मालिकों को नोटिस देकर 15 दिन का समय दिया गया है। वहीं ऐसे वाहनों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है, जिन पर 50 हजार रुपये से ज्यादा का टैक्स बकाया चल रहा है। ऐसे वाहनों के मालिकों को वसूली पत्र भेजे जाने की कार्रवाई होनी है। इसके अलावा टैक्स बकाये को लेकर वाहनों के चालान और सीज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।