चंदौसी। करीब एक साल पहले तांत्रिक ने जमीन में धन दबा होने पर परिजनों को जान का खतरा बताकर 15 हजार रुपये ठग लिए और फरार हो गया था। गुरुवार को पीड़ितों ने आरोपी को बाजार में घूमते हुए पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
चंदौसी के मोहल्ला श्रीराम कालोनी सीता रोड निवासी रजनीश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब एक साल पहले उन्हें एक तांत्रिक मिला था। बताया था कि उसके व पड़ोसी राजीव कश्यप के घर में जमीन के अंदर माया (धन) दबी हुई है। उसे बाहर नहीं निकाला गया, तो परिवार के लोगों की जान खतरे में आ सकती है। इससे निजात दिलाने के लिए आरोपी ने घर में हवन कराने की बात कही थी। हवन में काफी खर्च बताया था। भय दिखाकर आरोपी ने हवन के नाम पर 15 हजार रुपये ले लिए और फरार हो गया। काफी तलाशने पर भी आरोपी का पता नहीं चला।
गुरुवार को आरोपी कैथलगेट में घूम रहा था। रजनीश व अन्य लोगों ने उसे पहचान लिया और पकड़कर कोतवाली ले आई। वहां पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरिओम निवासी मोहल्ला कोर्ट पूर्वी कस्बा हसनपुर जिला अमरोहा बताया है। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।