चंदौसी। रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर तकनीकी खराबी के कारण सोमवार सुबह से रिजर्वेशन का काम ठप पड़ा है। इसके चलते यात्रियों को टिकट आरक्षित कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रिजर्वेशन नहीं होने से कई यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं, सामान्य दिनों में यात्रियों से भरा रहने वाला आरक्षण केंद्र तकनीकी समस्या के चलते अधिकांश समय खाली नजर आ रहा है।
चंदौसी रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन एक दर्जन से ज्यादा पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं। स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली, लखनऊ, टनकपुर, मुंबई, कामाख्या, उज्जैन समेत कई शहरों के लिए टिकट आरक्षित कराने पहुंचते हैं। ऐसे में यहां सुबह से शाम तक यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। पर मंगलवार सुबह से तकनीकी खराबी के कारण आरक्षण का कार्य प्रभावित है। इसके चलते यात्रियों के टिकट आरक्षित नहीं हो पा रहे हैं।
आरक्षण केंद्र पहुंचने पर जब यात्रियों को तकनीकी समस्या की जानकारी मिलती है, तो उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। कई यात्री रिजर्वेशन कराने के लिए बार-बार केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। वहीं, तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में भी परेशानी हो रही है।
मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक ललित कुमार ने बताया कि सोमवार से तकनीकी खराबी के कारण आरक्षण का कार्य प्रभावित है और यात्रियों के रिजर्वेशन नहीं हो पा रहे हैं। समस्या को दूर करने के लिए बाहर से तकनीशियन बुलाया गया है। उम्मीद है कि बृहस्पतिवार तक तकनीकी खराबी ठीक हो जाएगी और आरक्षण का काम फिर से सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा।