चंदौसी। गणेश चाैथ मेले के आखिरी दिन झूला संचालक और युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। बढ़ते विवाद को देख 11 बजे करीब पुलिस ने सभी झूले बंद करा दिए। इस दौरान झूलों पर मस्ती करने आए तमाम बच्चे और युवा निराश होकर लौट गए। बुधवार रात मेले का आखिरी दिन होने की वजह से काफी भीड़ रही। सबसे अधिक भीड़ झूलों पर दिखाई दी। हर झूले पर बच्चों और युवाओं की लाइन लगी थी। रात दस बजे करीब ब्रेक डांस वाले झूले पर एक युवक की झूला संचालक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पहले तो दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर युवक के दोस्त भी आ गए। मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी झूले बंद करा दिए।