चंदौसी (संभल)। जिन लोगों को अपने नाम और धर्म पर विश्वास नहीं है, वह दूसरे के नाम का सहारा लेकर अपना व्यवसाय करते हैं। खाने-पीने की दुकानों पर दुकानदार का नाम लिखने में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। यह बात पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बुधवार को मीडिया से बात करते हुए माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी ने कही।
राज्यमंत्री ने सीएम योगी के होटलों व ढाबों पर दुकानदार का नाम अनिवार्य रूप से लिखे जाने के आदेश का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसी भी जाति या धर्म के व्यक्ति को अपने नाम से व्यवसाय करने में आपत्ति नहीं महसूस करनी चाहिए। किसी को भी किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए।
शहर के बैंडबाजों वालों की दुकानों के नाम का उदाहरण देते हुए कहा कि यह दूसरे धर्म से जुड़े हैं। कोई भी व्यक्ति अपना व्यवसाय, अपने नाम से करें। वहीं सपा के इस आरोप कि भाजपा सांप्रदायिकता की राजनीति करती है, का जवाब देते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को अपनी भूमिका अदा करनी होती है। सपा हमेशा एक वर्ग विशेष को साथ लेकर साथ चलती है।