चंदौसी। रहोली रोड पर लाइवा नूर कोल्ड स्टोर के पास बृहस्पतिवार शाम हाईटेंशन लाइन पर जंपर जोड़ते समय संविदा लाइनमैन खालिद करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घायल का दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत गंभीर बताई जा रही है। उसके साथियों ने बताया कि लाइन जोड़ने से पहले शटडाउन लिया गया था लेकिन बिजलीघर से अचानक लाइन चालू कर दी गई।
बहजोई क्षेत्र के गांव पुरा मझोला निवासी खालिद अली चंदौसी के बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन है। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे वह हाईटेंशन लाइन पर जंपर जोड़ रहा था। इस दौरान लाइन में करंट दौड़ गया और लाइनमैन करंट की चपेट में आकर नीचे सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद उसके साथी अमित कुमार सक्सेना, परमेश्वर दयाल, अजय पाठक, राजू लाइनमैन, शिशुपाल आदि झुलसे लाइनमैन को लेकर मुरादाबाद रोड के निजी अस्पताल में आए। यहां से घायल को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले गए। जहां उसका सफदरगंज अस्पताल में उपचार चल रहा है।
साथी लाइनमैनों ने बताया कि लाइवा नूर कोल्ड स्टोर में कोई काम चल रहा था। इस वजह से कोल्ड स्टोर स्वामी ने सुबह के समय जंपर खुलवा दिए थे। शाम को जंपर जुड़वाने के लिए कहा था। इसके बाद संविदा लाइनमैन और उसके साथियों ने तहसील बिजलीघर से शटडाउन लिया था लेकिन शट डाउन के बाद भी लाइन चालू कर दी।