चंदौसी। जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग ने स्थानीय टीम के साथ शुक्रवार की शाम शिकायत पर एक पेट्रोल पंप पर छापा मारा। शिकायत के आधार पर पेट्रोल पंप पर सफाई व्यवस्था के साथ ही वाहनों में हवा भरने आदि व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही पेट्रोल व डीजल के नमूने लिए। बताया जाता कि एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी को पत्र देकर चंदौसी के बहजोई रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप की शिकायत करते हुए प्रार्थनापत्र दिया था। इसमें शिकायतकर्ता ने कहा था कि बहजोई रोड पर सिम्स कॉलेज के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर सफाई व्यवस्था बदहाल है और वाहनों में हवा भरने की मशीन भी नहीं है। पेट्रोल डालने वाले कर्मचारी ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं।
शिकायत पर शुक्रवार की शाम जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग, आपूर्ति निरीक्षक ललित कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कमलेश कुमार आदि टीम के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचीं और जांच पड़ताल की। साथ ही पेट्रोल व डीजल के नमूने लिए। आपूर्ति निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप जांच की गई। नमूने भी लिए गए हैं। मामले से उच्चाधिकारियेां को अवगत कराया गया है।